लखीमपुर-खीरी. जापान के नयोरो में हुई इंटरनेशनल स्नो स्कल्पचर कंपटीशन जापान कप 2019 में भारत की अभ्युदय टीम ने प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस तीन सदस्यीय टीम में चयनित शहर के लाल रजनीश वर्मा ने भारत का मान विश्व में बढ़ाया है।
नगर के मोहल्ला श्याम कन्हैया कालोनी निवासी रजनीश वर्मा ने फोन पर बताया कि वह इस समय जापान में है। जनवरी में उसने जापान के नयोरो में होने वाली 19वीं अंर्तराष्ट्रीय बर्फ मूर्ति कला प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। नई दिल्ली विश्व समन्वयक संघ के सहयोग से भारत की तीन सदस्यीय अभ्युदय टीम में उसका चयन हुआ। रजनीश के साथ बिहार कैमूर के रवि प्रकाश और मध्य प्रदेश सिंगरौली के सुनील कुमार कुशवाहा शामिल रहे। इस प्रतियोगिता में 8 देशों की 11 टीमों में 33 मूर्तिकारों ने भाग लिया। 5 फरवरी से 9 फरवरी तक चली प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने माइनस 25 डिग्री तापमान में भगवान विष्णु के बारह अवतार पर आधारित बर्फ मूर्ति कला का प्रदर्शन कर भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता में भारत की प्रथम विजेता टीम अभ्युदय को नयोरो साइटसींग एंड प्लानिंग एसोसिएशन द्वारा, द्वितीय विजेता रूस टीम को व्हाइट टाइगर्स द्वारा और तृतीय विजेता थाईलैंड टीम को पब्लिक चॉइस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रजनीश ने बताया कि इससे पूर्व जनवरी में चीन में हुई अंर्तराष्ट्रीय बर्फ मूर्ति कला प्रतियोगिता में भी उनकी इसी टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर भारत का नाम रोशन किया था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Gp3WYF
No comments:
Post a Comment